


स्थान – रामनगर/उत्तराखंड
संवाददाता – सलीम अहमद साहिल


रामनगर। पर्यटन नगरी और कुमाऊं का द्वार कहलाने वाला रामनगर अब सिर्फ अपनी खूबसूरती और कॉर्बेट नेशनल पार्क के लिए नहीं, बल्कि सख्त कानून व्यवस्था के लिए भी चर्चा में है। हाल ही में सुशील कुमार ने रामनगर कोतवाली का कार्यभार संभाला और चार्ज लेते ही अपराधियों को साफ संदेश दे दिया — शहर में अब कोई भी अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



नवनियुक्त कोतवाल सुशील कुमार ने कहा कि वे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ड्रग फ्री उत्तराखंड मुहीम को सशक्त बनाने के साथ ही युवाओं को नशे की बुरी लत से बचाने के लिए अहम कदम उठाने जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के सौदागरों, अवैध कारोबारियों और शहर की फिजाओं को खराब करने वालों की अब कोई खैर नहीं। ऐसे लोग अगर पकड़े गए तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ-साथ गुंडा अधिनियम के तहत मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।



कॉर्बेट नेशनल पार्क की वजह से रामनगर हर साल हजारों देशी और विदेशी सैलानियों को आकर्षित करता है, लेकिन इसी वजह से यह इलाका नशे और अवैध धंधों के लिए भी हॉटस्पॉट बनता है। सुशील कुमार का यह कदम शहर की कानून-व्यवस्था को मजबूती देने वाला माना जा रहा है।



बताया जा रहा है कि रामनगर का चार्ज संभालने से पहले सुशील कुमार हल्द्वानी में तैनात थे और वहाँ भी उन्होंने अपने सख्त और निष्पक्ष रवैये से अपराधियों की कमर तोड़ दी थी। अब रामनगर में उनका कड़ा और पारदर्शी प्रशासन स्थानीय लोगों की उम्मीदों को और बढ़ा रहा है।


व्यापारी, समाजसेवी और आम नागरिक सुशील कुमार की कार्यशैली की सराहना कर रहे हैं और कह रहे हैं कि अब रामनगर में “अपराध नहीं, कानून का राज” दिखाई देगा।



