लोहाघाट में दीपावली आतिशबाजी बाजार कल से लगेगा — लॉटरी सिस्टम से 50 व्यापारियों को मिली दुकानें

लोहाघाट में दीपावली आतिशबाजी बाजार कल से लगेगा — लॉटरी सिस्टम से 50 व्यापारियों को मिली दुकानें

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट

लोहाघाट। दीपावली पर्व को लेकर नगर में आतिशबाजी बाजार की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रशासन के निर्देशानुसार नेहरू पार्क (नगर पालिका बारात घर) मैदान में कल 17 अक्टूबर से आतिशबाजी की दुकाने लगनी शुरू होंगी।

आज गुरुवार को एसडीएम नीतू डांगर के निर्देश पर वन पंचायत हॉल में लॉटरी सिस्टम के माध्यम से दुकानों का आवंटन किया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी की देखरेख में एसडीएम कार्यालय के पेशकार ललित खोलिया ने 50 आतिशबाजी व्यापारियों को दुकानें आवंटित कीं।

कार्यक्रम के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पुलिस बल तैनात रहा। दुकानें पाने के लिए बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। पेशकार ललित खोलिया ने बताया कि सभी के सामने पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया अपनाई गई, जिसके बाद चयनित व्यापारियों को कल सुबह 10 बजे के बाद लाइसेंस जारी किए जाएंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस निरस्त कर दिए जाएंगे। अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी ने बताया कि पालिका की ओर से बारात घर मैदान में दुकानों की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। प्रत्येक व्यापारी को प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए हैं — हर दुकान में अग्निशमन यंत्र, रेत और पानी से भरी बाल्टी रखना अनिवार्य होगा। फायर ब्रिगेड और पालिका कर्मी लगातार निगरानी रखेंगे।

आतिशबाजी बाजार 17 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक संचालित रहेगा। वहीं, कई लोगों को दुकानें न मिलने से मायूसी दिखी, जबकि चयनित व्यापारी खुशी से झूम उठे।

लोहाघाट का आतिशबाजी बाजार इस बार भी दीपावली की रौनक बढ़ाने को तैयार है।