


स्थान : रामनगर/उत्तराखंड
संवाददाता : सलीम अहमद साहिल


मालधन चौड़ स्थित फाटो जंगल सफारी गेट पर आज स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ जोरदार नाराज़गी जताई। जनप्रतिनिधियों ने वन क्षेत्राधिकारी फाटो रेंज को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि तराई पश्चिमी वन प्रभाग द्वारा फाटो सफारी जोन कैंटीन का टेंडर नियमों के विरुद्ध जारी किया गया है।



उनका कहना है कि टेंडर में रखी गई शर्तें इतनी कड़ी हैं कि स्थानीय महिला समूहों और बेरोजगार युवाओं के लिए उन्हें पूरा करना लगभग नामुमकिन है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर टेंडर प्रक्रिया को रद्द नहीं किया गया या उसमें संशोधन नहीं हुआ, तो वे सफारी गेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।


स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि यह मामला केवल एक टेंडर का नहीं, बल्कि ग्रामीणों के रोजगार और आत्मनिर्भरता से जुड़ा मुद्दा है। उनका कहना है कि सरकार और विभाग को स्थानीय लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए टेंडर की शर्तों में बदलाव करना चाहिए।


अब देखना होगा कि वन विभाग स्थानीय मांगों पर क्या कदम उठाता है, या फिर विरोध की आग सफारी गेट से आगे भी फैलती है।




