श्री बद्रीनाथ धाम में तीर्थ यात्रियों की संख्या 15 लाख पार, धाम में श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब

श्री बद्रीनाथ धाम में तीर्थ यात्रियों की संख्या 15 लाख पार, धाम में श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब

रिपोर्ट: संजय कुंवर
स्थान: बद्रीनाथ धाम

भू बैकुंठ नगरी श्री बद्रीनाथ धाम में सुहावने मौसम के साथ ही तीर्थ यात्रियों की आमद लगातार बढ़ती जा रही है। मंदिर परिसर में ब्रह्म मुहूर्त से लेकर रात्रि कालीन शयन आरती तक श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आ रही है और पूरी बदरी पुरी में श्रद्धा का वातावरण देखने को मिल रहा है।

बुधवार, 15 अक्टूबर को धाम में करीब 4,100 श्रद्धालुओं की आमद दर्ज की गई। इसके साथ ही कपाट खुलने से अब तक लगभग 15 लाख श्रद्धालुओं ने भगवान श्री बदरी विशाल के दर्शनों का पुण्य लाभ प्राप्त कर लिया है। श्रद्धालु न केवल मंदिर में दर्शन कर रहे हैं, बल्कि आस-पास के दर्शनीय और रमणीय धार्मिक स्थलों का भी आनंद ले रहे हैं।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि 25 नवंबर 2025 को श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने तक कार्तिक पूर्णमासी स्नान पर्व और दीपावली के दौरान तीर्थ यात्रियों की अच्छी आमद की उम्मीद है। इस समय पूरी बदरी पुरी तीर्थ यात्रियों की चहल-पहल और श्रद्धा से गुलजार नजर आ रही है।