


हल्द्वानी। दीपावली के त्योहारी सीजन को देखते हुए मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। बुधवार को आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी नैनीताल के आदेश पर प्रशिक्षु आईएएस अंशुल भट्ट के नेतृत्व में हल्द्वानी में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।



अभियान के दौरान टीम ने शहर की दो खिलौने निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया और उनके नमूने जांच के लिए भरे। इसके अलावा शहर की एक प्रतिष्ठित मिठाई दुकान से खोए का नमूना भी लिया गया।


अभियान के सबसे महत्वपूर्ण हिस्से में, बरेली से आ रही एक रोडवेज बस से तीन क्विंटल मिठाई बरामद की गई। मिठाई के स्वामित्व का दावा किसी ने नहीं किया, जिसके बाद उसे कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई।



इस अभियान में प्रशिक्षु आईएएस अंशुल भट्ट के साथ उपयुक्त कुमाऊं मंडल खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र सिंह कथायत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नैनीताल अनिल कुमार मिश्रा, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी अभय कुमार सिंह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंदकिशोर शामिल रहे।


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान खाद्य सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और मिलावट या अस्वच्छ उत्पादन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



