


लोकेशन- रूड़की
संवाद्दाता- प्रिंस शर्मा

मंगलौर क्षेत्र से एक चौंकाने वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें नगर पालिका का शव वाहन अब कार्यालय की फाइलें ढोने के काम में इस्तेमाल हो रहा है।





जानकारी के अनुसार, यह तस्वीर मंगलौर नगर पालिका कार्यालय के बाहर की बताई जा रही है। फोटो में साफ देखा जा सकता है कि शव वाहन में फाइलें रखी हुई हैं। यह वाहन मूलतः 2023 में तत्कालीन सभासद नरेंद्र शर्मा के प्रस्ताव पर पालिका अध्यक्ष हाजी दिलशाद अली के कार्यकाल में खरीदा गया था, ताकि नगर पालिका क्षेत्र में अंतिम संस्कार की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।



लेकिन अब यही वाहन दफ्तर की कागज़ी फाइलों की ढुलाई में उपयोग किया जा रहा है। तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोग जमकर चुटकियां ले रहे हैं—किसी ने लिखा, “मृत फाइलों का अंतिम संस्कार हो रहा है!”, तो किसी ने कहा, “पालिका में सब कुछ उल्टा चलता है।”


इस मामले में नगर पालिका के ईओ से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों के बीच लोगों का यह सवाल भी बढ़ रहा है कि क्या नगर पालिका में संसाधनों की इतनी कमी है कि शव वाहन को भी दफ्तर का ट्रक बना दिया गया?
नगर पालिका प्रशासन की सफाई अब सभी की निगाहों में है।




