बाजपुर में बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे स्कूल, बच्चों के भविष्य से खिलवाड़

बाजपुर में बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे स्कूल, बच्चों के भविष्य से खिलवाड़

स्थान – बाजपुर/उधम सिंह नगर
रिपोर्ट – भूपेंद्र सिंह पन्नू

बाजपुर। एक ओर सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां करती है। बाजपुर क्षेत्र में बिना रजिस्ट्रेशन के स्कूल संचालित हो रहे हैं, जिससे बच्चों के शिक्षा के अधिकार से खिलवाड़ किया जा रहा है।

गांव बाजपुर में ग्रीन वेली नाम से चल रहे एक स्कूल का मामला सामने आया है, जहां बिना पंजीकरण के बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्कूल बच्चों से उनकी उच्च शिक्षा का अधिकार छीन रहा है।

यह कोई पहला मामला नहीं है — पहले भी कई स्कूल अपनी मनमर्जी से फीस बढ़ाकर अभिभावकों की जेब खाली करने में लगे हैं, लेकिन शिक्षा विभाग और सरकार अब तक ऐसी मनमानी पर अंकुश नहीं लगा पाई है।

सूत्रों के अनुसार, बाजपुर में एक ऐसा स्कूल भी संचालित हो रहा है जिसकी मान्यता केवल आठवीं कक्षा तक है, लेकिन वहां नौवीं के छात्रों को भी पढ़ाया जा रहा है।

इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि ऐसे सभी स्कूलों की जांच की जाएगी और बिना मान्यता संचालित होने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों का दाखिला केवल मान्यता प्राप्त स्कूलों में ही कराएं।