


रिपोर्टर: शहजाद अली
स्थान: हरिद्वार

जिलाधिकारी के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहादराबाद की ओपीडी को सोमवार से नए भवन में स्थानांतरित कर दिया गया है। नए भवन में आधुनिक सुविधाओं से लैस ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था भी की गई है।




मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि गाइनोकॉलॉजिस्ट की तैनाती के बाद जल्द ही गर्भवती महिलाओं के ऑपरेशन स्थानीय स्तर पर शुरू कर दिए जाएंगे। इससे अब प्रसव के लिए महिलाओं को जिला महिला अस्पताल हरिद्वार नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पहले ऑपरेशन सुविधा न होने के कारण ग्रामीण महिलाओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी, लेकिन अब बहादराबाद, बोंगला और आसपास के गांवों की महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।




सीएचसी की चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरती बहल ने बताया कि नए भवन में सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और मरीजों का इलाज बेहतर तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ओपीडी के नए भवन में मरीजों की सुविधा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया है। यह कदम ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।





