कालाढूंगी में देर रात गोलीबारी से मचा हड़कंप, दो पक्षों में चली कई राउंड फायरिंग

कालाढूंगी में देर रात गोलीबारी से मचा हड़कंप, दो पक्षों में चली कई राउंड फायरिंग

स्थान – कालाढूंगी।
रिपोर्ट – भगवान मेहरा।

वीरवार रात कालाढूंगी क्षेत्र गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। रामनगर–कालाढूंगी हाईवे स्थित एक पेट्रोल पंप के पास दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग ने क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी। पास में चल रही रामलीला देख रहे श्रद्धालु दहशत में आ गए और भगदड़ मच गई।

सूत्रों के मुताबिक, दो दिन पहले रामलीला मैदान में हुए विवाद को लेकर दोनों पक्षों में तनाव चल रहा था। समझौते के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ और गुरुवार रात करीब 12 बजे नयागांव तिराहे के पास दोनों गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से फायरिंग और पथराव शुरू हो गया।

घटना के दौरान रामलीला मैदान के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। श्रद्धालु अंधेरे में जान बचाकर भागने लगे। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पंकज जोशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

अगली सुबह क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।

तहरीरें दर्ज:
पहले पक्ष से सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सिंह सामंत ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। उनका कहना है कि वे परिवार के साथ रामलीला देख रहे थे तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने मंचन में बाधा डालने की कोशिश की। रोकने पर उन पर जानलेवा हमला और गाली-गलौज की गई।
वहीं दूसरे पक्ष से जिपंस अरनव कंबोज ने दो नामजद और अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर देकर बताया कि वह परिवार सहित रामलीला देखकर लौट रहे थे तभी पेट्रोल पंप के पास उनकी कार पर फायरिंग और लाठी-डंडों से हमला किया गया।

पुलिस कार्रवाई:
प्रभारी निरीक्षक पंकज जोशी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पेट्रोल पंप की डीवीआर जब्त कर ली गई है और फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”