सितारगंज में आवारा पशुओं को लेकर भीम आर्मी का धरना, 15 दिन में कार्रवाई का मिला आश्वासन

सितारगंज में आवारा पशुओं को लेकर भीम आर्मी का धरना, 15 दिन में कार्रवाई का मिला आश्वासन

स्थान: सितारगंज
रिपोर्ट: तनवीर अंसारी

नगर पालिका परिषद के मुख्य गेट पर भीम आर्मी आज़ाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आवारा पशुओं को गौशाला भेजने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया।

धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व उन्होंने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी प्रतिभा कोहली को ज्ञापन देकर मुख्य मार्गों पर घूम रहे आवारा पशुओं को गौशाला भेजने की मांग की थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर वे गुरुवार दोपहर से धरने पर बैठ गए।

इसी दौरान अधिशासी अधिकारी जब लंच के लिए दफ्तर से बाहर निकलीं, तो गेट पर धरना जारी होने के कारण उनकी गाड़ी रुक गई। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कोई वार्ता नहीं की और वापस कार्यालय लौट गईं। इसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और समझाने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने।

अंततः अधिशासी अधिकारी प्रतिभा कोहली स्वयं धरना स्थल पर पहुंचीं और 15 दिन के भीतर कार्रवाई का लिखित आश्वासन देने के बाद धरना समाप्त हुआ।

भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई, तो 16वें दिन विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

वहीं अधिशासी अधिकारी प्रतिभा कोहली ने कहा कि कुछ दिन पूर्व भी आवारा पशुओं को गौशाला भेजने की कार्रवाई की गई थी, और अब गौशाला प्रबंधन को क्षमता अनुसार पशु भेजने का पत्राचार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर घूम रहे पालतू पशुओं के मालिकों से अनुरोध किया जाएगा कि वे अपने पशुओं को खुला न छोड़ें, अन्यथा जुर्माना लगाया जाएगा और माइकिंग कर जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।