

रिपोर्टर: अज़ीम खान

लोकेशन: काशीपुर

आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए उपायुक्त डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत के नेतृत्व में काशीपुर में सघन खाद्य निरीक्षण अभियान चलाया गया।





यह अभियान डॉ. आर. राजेश कुमार, सचिव स्वास्थ्य और आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड के निर्देशानुसार संचालित किया गया। अभियान के तहत प्रिया मॉल, स्मार्ट पॉइंट और उत्तर प्रदेश–उत्तराखंड सीमा (टांडा-दाडियाल रोड) सहित विभिन्न स्थानों पर लगभग तीन दर्जन से अधिक वाहनों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।



निरीक्षण के दौरान यूपी के मुरादाबाद, रामपुर, टांडा आदि क्षेत्रों से लाए जा रहे दूध, दुग्ध पदार्थ और अन्य खाद्य सामग्रियों की जांच की गई। विभिन्न प्रतिष्ठानों से दूध, मावा, पनीर, घी, मक्खन, सूजी, मसाले आदि खाद्य पदार्थों के 10 से अधिक नमूने जांच हेतु सील करके रुद्रपुर भेजे गए।
उपायुक्त डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत ने बताया कि यदि खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, तो संबंधित व्यवसायियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


टीम में डॉ. प्रकाश फुलारा (सहायक आयुक्त उधम सिंह नगर), अपरना शाह (वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी काशीपुर), आशा आर्य (खाद्य सुरक्षा अधिकारी रुद्रपुर) समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।

इस अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान जनता को सुरक्षित और गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और अवैध या घटिया सामग्री की बिक्री पर रोक लगाना बताया गया।



