हरिद्वार: नगर निगम ने तीसरे वेंडिंग जोन में लघु व्यापारियों के लिए अनुबंध प्रक्रिया शुरू की

हरिद्वार: नगर निगम ने तीसरे वेंडिंग जोन में लघु व्यापारियों के लिए अनुबंध प्रक्रिया शुरू की

स्थान :- हरिद्वार
रिपोर्ट :- संजय चौधरी

नगर निगम प्रशासन ने शहर के लघु व्यापारियों के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भगत सिंह चौक से सेक्टर 2 बैरियर स्थित तीसरे वेंडिंग जोन में अनुबंध की प्रक्रिया का शुभारंभ कर दिया।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने प्रथम चरण में 34 लाभार्थियों के साथ 21 बिंदुओं वाला अनुबंध करते हुए विक्रय प्रमाण पत्र और लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस वेंडिंग जोन में बिजली, पानी और सीसीटीवी कैमरे जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

नगर निगम द्वारा यह कदम व्यापारियों को वैध पंजीकरण और सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही शहर में व्यवस्थित वेंडिंग प्रणाली सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष एवं नगर निगम नगरी फेरी समिति के सदस्य संजय चोपड़ा ने बताया कि पहले चरण के बाद पंतदीप पार्किंग, भीमगोडा, खड़खड़ी, भूपतवाला, नई बस्ती और अपर रोड क्षेत्रों में भी लाइसेंस वितरण की प्रक्रिया जारी रहेगी।

नगर निगम ने यह भी तय किया है कि 31 अक्टूबर 2025 तक सभी पंजीकृत रेडी-पटरी लघु व्यापारियों को विक्रय प्रमाण पत्र और परिचय पत्र प्रदान कर दिए जाएंगे, ताकि व्यापारियों को कानूनी और सुव्यवस्थित व्यापार की सुविधा मिल सके।