लक्सर शुगर मिल कॉलोनी में मगरमच्छ का आतंक, वन टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

लक्सर शुगर मिल कॉलोनी में मगरमच्छ का आतंक, वन टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

स्थान-लक्सर

गुरुवार रात को लक्सर शुगर मिल कॉलोनी में हड़कंप मच गया जब लोगों ने एक मगरमच्छ को कॉलोनी के पास घूमते हुए देखा। मगरमच्छ की मौजूदगी से कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई, लोग घरों से बाहर निकल आए और बच्चों को अंदर भेज दिया गया।

सूचना मिलते ही लक्सर रेंज की वन टीम मौके पर पहुंची और रेंज अधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। लगभग एक घंटे की मेहनत के बाद टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से पकड़कर वाहन में बैठाया और उसे उसके प्राकृतिक वास स्थल, गंगा किनारे पर छोड़ दिया। रेस्क्यू के दौरान कॉलोनी में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। वन कर्मियों ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।

शैलेंद्र सिंह नेगी ने शुक्रवार सुबह बताया कि लक्सर क्षेत्र गंगा और उसकी सहायक नहरों से घिरा है। मानसून के बाद जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ कई बार आबादी वाले इलाकों की ओर भटक आते हैं।

उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि कहीं जलीय जीव दिखाई दें तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें और खुद से पकड़ने या डराने की कोशिश न करें।

वन विभाग की यह तत्परता न केवल जन सुरक्षा बल्कि प्राकृतिक जीवन और स्थानीय पर्यावरण की सुरक्षा का भी उदाहरण है।