उत्तराखंड से प्रेरणादायक पहल — “सुलभ स्वच्छता पर्वतों की ओर” अभियान ने दिया स्वच्छता का संदेश

उत्तराखंड से प्रेरणादायक पहल — “सुलभ स्वच्छता पर्वतों की ओर” अभियान ने दिया स्वच्छता का संदेश

रिपोर्ट: संजय कुंवर
स्थान: घांघरिया,चमोली,

भारतीय पर्वतारोहण संस्थान (NIM) और सुलभ इंटरनेशनल के संयुक्त तत्वावधान में उच्च हिमालयी क्षेत्रों में “सुलभ स्वच्छता पर्वतों की ओर” नाम से तीन दिवसीय क्लीन हिमालय अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत श्री हेमकुंड साहिब और विश्व धरोहर फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान में 11 सदस्यीय दल ने स्वच्छता मिशन को अंजाम दिया। दल की अगुवाई राजीव रावत, सेवन भंडारी और नंदन सिंह ने की। वन विभाग और ADC भ्यूंडार के सहयोग से दल ने यात्रा बेस कैंप घांघरिया से लेकर वैली ऑफ फ्लावर्स और हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर फैला प्लास्टिक कचरा और गार्बेज एकत्र किया।

सफाई दल ने कूड़े को घोड़े-खच्चरों के माध्यम से पुलना-गोविंदघाट तक पहुंचाकर उसका सुरक्षित निस्तारण किया। साथ ही, यात्रा मार्ग पर जगह-जगह ईको-फ्रेंडली डस्टबिन भी लगाए गए ताकि पर्यटक और श्रद्धालु भविष्य में कचरा सड़क या रास्तों पर न फैलाएं।

सुलभ इंटरनेशनल और NIM की टीम ने इस दौरान आस्था पथ पर जन-जागरूकता अभियान भी चलाया, जिसमें तीर्थयात्रियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।

दल के सदस्य नंदन सिंह ने बताया कि यह अभियान अब “सुलभ स्वच्छता ट्रैकिंग अभियान” के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। वैली ऑफ फ्लावर्स और हेमकुंड साहिब के बाद अब यह मुहिम ज्योतिष्मठ क्षेत्र के औली, गोरसों, सुनील और परसारी गांवों में भी चलाई जा रही है।

यह प्रयास न सिर्फ हिमालय की सुंदरता को बनाए रखने का संकल्प है, बल्कि देशभर के पर्वतीय पर्यटन स्थलों के लिए एक प्रेरणादायक मिसाल भी है।