


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हल्द्वानी क्षेत्र में नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।



चौकी प्रभारी मंगलपड़ाव गौरव जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सदर बाजार, मंगलपड़ाव और आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाया। अभियान के दौरान नो पार्किंग में खड़े 38 वाहनों पर कार्रवाई की गई।



इसके अलावा, शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 3 चालकों को गिरफ्तार किया गया और 10 वाहन सीज किए गए। पूरे जनपद में 261 लापरवाह वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल ₹82,500 का जुर्माना वसूला गया। वहीं 3 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए गए हैं।



एसएसपी मीणा ने कहा कि अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

जनता से अपील —

नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि—
- अपने वाहन नो पार्किंग जोन या सड़क किनारे अवैध स्थानों पर न खड़े करें।
- इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपात सेवाओं में भी बाधा आती है।
- वाहन हमेशा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।
- ट्रैफिक नियमों का पालन करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।

पुलिस का कहना है कि यातायात व्यवस्था सुचारु रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, और नियमों का पालन करके हम सभी एक सुरक्षित यातायात प्रणाली बना सकते हैं।




