


स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट


उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) एक बार फिर पूरी मजबूती और जोश के साथ मैदान में उतर चुकी है। सोमवार को लोहाघाट के मीना बाजार में यूकेडी कार्यालय का शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूकेडी जिला अध्यक्ष दीपेश शर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में यूकेडी संसदीय बोर्ड सदस्य चंद्रशेखर कापड़ी और विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सैनिक संगठन लीग जिला अध्यक्ष कैप्टन आर. एस. देव उपस्थित रहे।



कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी और यूकेडी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर मुख्य अतिथि चंद्रशेखर कापड़ी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में यूकेडी की भूमिका ऐतिहासिक रही है, लेकिन राज्य बनने के बाद कांग्रेस और भाजपा ने प्रदेश में भ्रष्टाचार और माफिया राज को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि यूकेडी एक बार फिर से उत्तराखंड की जल, जंगल और जमीन की लड़ाई को पूरी ताकत से लड़ेगी और 2027 के विधानसभा चुनाव में अपना परचम लहराएगी।



कापड़ी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज पेपर लीक, बेरोजगारी, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और ऑल वेदर रोड जैसी योजनाओं में भ्रष्टाचार चरम पर है। जनता को सुविधाओं के बजाय परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


यूकेडी जिला अध्यक्ष दीपेश शर्मा ने कहा कि यूकेडी ही उत्तराखंड की जननी है। इसी संगठन के बैनर तले राज्य आंदोलन चला, जिसमें कई लोग शहीद हुए, घायल हुए और जेल गए। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने जनता के सपनों के उत्तराखंड को चूर-चूर कर दिया है।

शर्मा ने कहा कि अब समय आ गया है कि जनता यूकेडी के साथ मिलकर भ्रष्टाचार-मुक्त और रोजगारयुक्त उत्तराखंड के निर्माण में भागीदार बने। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में यूकेडी से जुड़ने की अपील की।


इस दौरान यूकेडी नेताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में पूरे जनपद में संगठन को मजबूत और सक्रिय करने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, ताकि 2027 के विधानसभा चुनाव में यूकेडी एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरे।



