


रिपोर्ट-शहजाद अली

स्थान -हरिद्वार


कोतवाली क्षेत्र के सबसे व्यस्त इलाके शिवमूर्ति चौक स्थित गंगा एज्योर होटल में शनिवार देर रात अचानक आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।



आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड विभाग को दी गई, लेकिन बताया जा रहा है कि काफी देर तक फायर टेंडर मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे स्थिति और बिगड़ती चली गई। इस दौरान होटल के कर्मचारियों ने खुद ही आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।



होटल प्रबंधन ने तुरंत होटल में ठहरे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और होटल परिसर को पूरी तरह से बंद कर दिया। वहीं, होटल में किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, होटल स्वामी आग की घटना से जुड़ी कमियों को उजागर होने से रोकने का प्रयास कर रहा है।


मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए हैं और होटल की ऊपरी मंजिलों से घना धुआं उठता साफ दिखाई दे रहा है। आग कितनी बड़ी है और इससे कितना नुकसान हुआ है, इसका फिलहाल सटीक अनुमान नहीं लगाया जा सका है।


फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया है। किसी के हताहत होने की खबर अब तक सामने नहीं आई है।



