जसपुर में स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का किया लोकार्पण, जल्द होगी बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती

जसपुर में स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का किया लोकार्पण, जल्द होगी बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती

स्थान:- जसपुर
रिपोर्टर:- प्रदीप श्रीवास्तव

उत्तराखंड के स्वास्थ्य एवं उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत रविवार को जसपुर पहुंचे, जहां उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में नव निर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का फीता काटकर लोकार्पण किया। मंत्री के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका जोरदार स्वागत किया।

कार्यक्रम में मौजूद आशा वर्करों, चिकित्सकों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मंत्री धन सिंह रावत ने राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।

इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने शेर अली बाबा जारत के पास स्थित 12.5 एकड़ सरकारी भूमि को जनहित में उपयोग लाने की मांग की। उन्होंने जसपुर अस्पताल में हो रही निःशुल्क जांचों के दुरुपयोग का मुद्दा भी उठाया।

वहीं, जसपुर के मौजूदा कांग्रेस विधायक आदेश सिंह चौहान ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया और मंत्री से शिवराजपुर पट्टी स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज में विषयों की संख्या बढ़ाने तथा जसपुर चिकित्सालय में सर्जन व बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती की मांग रखी।

मंत्री धन सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि जसपुर स्वास्थ्य केंद्र में पिछले काफी समय से लंबित बाल रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति एक सप्ताह के भीतर कर दी जाएगी। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि अब तक अस्पताल में सप्ताह में एक दिन होने वाला अल्ट्रासाउंड परीक्षण अब दो दिन किया जाएगा, जिससे मरीजों को अधिक सुविधा मिल सकेगी।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धीरेंद्र मोहन गहलोत की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने एक लाख ओपीडी पूरा कर अस्पताल को उत्कृष्ट सेवा केंद्र के रूप में स्थापित किया है। मंत्री ने सभी कर्मचारियों को इसी समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

मंत्री के दौरे के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।