


रिपोर्टर : दीपक अधिकारी
स्थान : हल्द्वानी


राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में आज वाइट कोट सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रों को वाइट कोट पहनाकर चिकित्सा पेशे में उनके प्रवेश का औपचारिक स्वागत किया गया।



कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ डॉक्टर भी मौजूद रहे। सेरेमनी के दौरान छात्रों को महर्षि चरक शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्हें केवल चिकित्सा की पढ़ाई ही नहीं, बल्कि मानवीय सेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया गया।




मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि प्रत्येक नए छात्र को उनके पढ़ाई के नगर में रहने वाले पांच गरीब परिवारों को गोद लेकर उनकी स्वास्थ्य संबंधी जिम्मेदारी निभानी होगी। यह योजना डॉक्टरों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत करेगी।


उन्होंने आगे कहा कि राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों में कुल 480 असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति की जा रही है, जिससे शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार होगा। 2027 तक राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती पूरी कर दी जाएगी, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और आम जनता को बेहतर इलाज उपलब्ध होगा।

वाइट कोट सेरेमनी के माध्यम से छात्रों ने चिकित्सा पेशे में अपनी नई शुरुआत की, जिसे भविष्य में समाज सेवा और चिकित्सा क्षेत्र में मील का पत्थर माना जा सकता है।



