


रिपोर्ट – संजय जोशी
स्थान – रानीखेत


क्षेत्रीय बच्चों और महिलाओं की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से इस बार मिलनसार महोत्सव का आयोजन भव्य रूप से किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्र की सामाजिक कार्यकर्ता उर्मिला मेहरा, आनंद सिंह मेहरा और उनकी टीम ने किया।



कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि और क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने दीप प्रज्वलित करके किया। विधायक और अन्य अतिथियों का समिति द्वारा पुष्पगुच्छ और शाल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। महोत्सव की शुरुआत बुजुर्ग महिलाओं द्वारा कुमाऊनी लोकगीत ‘शगुन आंखर’ से की गई, वहीं अध्यक्ष उर्मिला मेहरा ने गणपति वंदना पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।



इस बार महोत्सव में अल्मोड़ा से आई टीम ने अपनी शानदार प्रस्तुति से उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में स्कूलों के छोटे-छोटे बच्चों, महिलाओं और रामलीला सहित कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का मंचन किया गया।


उर्मिला मेहरा ने कहा कि 2022 से यह महोत्सव आयोजित किया जा रहा है और इसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रमोट करना है। उन्होंने सभी अतिथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे आयोजनों में काफी खर्च भी आता है।


वहीं, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि पिछले चार सालों से लगातार मिलनसार महोत्सव किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में जागरूकता बढ़ती है और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने आयोजक मंडल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का माध्यम हैं।


महोत्सव में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने भाग लिया और कार्यक्रम की भव्यता और सांस्कृतिक विविधता का आनंद उठाया।



