


रिपोर्ट : संजय कुंवर
स्थान : श्री हेमकुंड साहिब


उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित और गुरु महाराज श्री गुरु गोविंद सिंह जी को समर्पित पवित्र सिक्ख धर्म आस्था केंद्र श्री हेमकुंड साहिब धाम के कपाट आगामी 10 अक्टूबर 2025 से शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। देश-दुनिया के सबसे ऊंचाई पर स्थित इस गुरुद्वारे में आज भी गुलाबी ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं ने पवित्र अमृत सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई और गुरुद्वारे की अरदास से निहाल हुए।



गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब प्रबंधन कमेटी ने कपाट बंदी को लेकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने की कार्ययोजना तेज कर दी है। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि इस वर्ष अब तक करीब 2 लाख 70 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेका है।



10 अक्टूबर को कपाट बंद होने के अवसर पर देश और विदेश से संगते गुरुद्वारे के दरबार में हाजिरी देने के लिए आएंगे। इस अवसर पर सेना और पंजाब से बैंड के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष भाई नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करेंगे और 2025 वर्ष की श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के समापन की घोषणा करेंगे।



कपाट बंदी के साथ ही इस वर्ष की धार्मिक यात्रा का समापन होगा और श्रद्धालुओं को शीतकालीन यात्रा के लिए अगली सूचना तक प्रतीक्षा करनी होगी।



