वन्य प्राणी सप्ताह पर रामनगर में गोष्ठी — “जंगल बचाओ, जीवन बचाओ” का लिया संकल्प

वन्य प्राणी सप्ताह पर रामनगर में गोष्ठी — “जंगल बचाओ, जीवन बचाओ” का लिया संकल्प

स्थान : रामनगर/उत्तराखंड
संवाददाता : सलीम अहमद साहिल

1 से 7 अक्टूबर तक देशभर में मनाए जा रहे वन्य प्राणी सप्ताह के तहत रामनगर में आज एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था—जंगलों और वन्य जीवों के संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करना।

गोष्ठी का आयोजन वन विभाग, बार एसोसिएशन और विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने जंगलों को बचाने और वन्य जीवों की सुरक्षा को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि प्रकृति और इंसान का रिश्ता एक-दूसरे पर निर्भर है—“अगर जंगल बचे रहेंगे, तभी जीवन संभव होगा।”

इस मौके पर यह भी बताया गया कि वन्य जीव केवल जंगल की शोभा नहीं, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन की रीढ़ हैं। अगर इन्हें नहीं बचाया गया, तो आने वाले वर्षों में जैव विविधता पर गंभीर संकट मंडरा सकता है।

कार्यक्रम में अधिवक्ताओं और वन कर्मियों ने लोगों से अपील की कि वे जंगलों में होने वाले अवैध शिकार, लकड़ी की तस्करी और आगजनी जैसी घटनाओं की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि वन्य जीवों की रक्षा की जा सके।

वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वन्य प्राणी सप्ताह केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि एक प्रतिज्ञा है —
“जंगल बचाओ, जीवन बचाओ।”