


संवाददाता- धर्मराज
स्थान- हरिद्वार


हरिद्वार। एसडीएम सदर जितेन्द्र कुमार की अगुवाई में हरिद्वार प्रशासन और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग की भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।


जानकारी के अनुसार, यह भूमि उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की है जो कुंभ मेला क्षेत्र के अंतर्गत आती है। इस भूमि पर कुछ लोगों ने झुग्गी-झोपड़ियां, टीनशेड और पक्के कमरे बनाकर कब्जा जमा रखा था।


सिंचाई विभाग द्वारा कब्जाधारियों को पहले तीन बार नोटिस जारी किए गए थे, साथ ही मुनादी के माध्यम से भी उन्हें चेतावनी दी गई थी कि वे स्वयं अवैध निर्माण हटा लें। लेकिन चेतावनी के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आज बुलडोज़र चलवाया।


कार्रवाई के दौरान अधिशासी अभियंता समेत सिंचाई विभाग के अधिकारी, राजस्व कर्मी और पुलिस बल मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सिंचाई विभाग की भूमि पर किसी भी प्रकार का निजी निर्माण पूरी तरह अवैध है।

एसडीएम जितेन्द्र कुमार ने मौके पर ही निर्देश दिए कि जमीन को जल्द ही तालाबंद किया जाए, ताकि दोबारा कोई कब्जा न कर सके। उन्होंने कहा, “अब अगर कोई व्यक्ति दोबारा कब्जा जमाने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”


अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण न करें और प्रशासन की अतिक्रमण मुक्त हरिद्वार मुहिम में सहयोग करें।


यह कार्रवाई प्रशासन की चल रही “अतिक्रमण मुक्त हरिद्वार” मुहिम का हिस्सा है, जिसके तहत सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जा रहा है।



