


टॉप – हरिद्वार
संवाददाता – धर्मराज


ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025 को सफल बनाने के लिए हरिद्वार पुलिस लगातार जनजागरण अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस शाम के समय आमजन के बीच पहुंची और विभिन्न थाना क्षेत्रों में नशा मुक्त गांव अभियान के तहत चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए गए।



रावली महदूद गांव में आयोजित चौपाल में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया और उन्हें शपथ दिलाई कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इससे बचने के लिए प्रेरित करेंगे।



कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान ने बताया कि सिडकुल थाना पुलिस द्वारा आयोजित इस चौपाल में ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वे अपने गांव को नशा मुक्त बनाएंगे, किसी भी प्रकार का नशा न तो करेंगे और न ही बेचने देंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि गांव में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना समय-समय पर पुलिस को दी जाएगी ताकि मिलजुलकर गांव को नशा मुक्त बनाया जा सके।


पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ यह मुहिम केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। हरिद्वार पुलिस नशे की लत में फंसे युवाओं की काउंसलिंग कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का लगातार प्रयास कर रही है।

चौपाल में उपस्थित बुजुर्गों और युवाओं ने एक स्वर में कहा —
“नशा मुक्त गांव, स्वस्थ समाज — यही हमारा संकल्प है।”



