खटीमा में जमीन विवाद: प्रशासन मौके पर पहुंचा, जांच जारी

खटीमा में जमीन विवाद: प्रशासन मौके पर पहुंचा, जांच जारी

स्थान – खटीमा ऊधम सिंह नगर

रिपोर्ट – अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर। खटीमा के खसरा संख्या 174, 175, 176, 180 और 181 से संबंधित जमीन विवाद को लेकर आज प्रशासनिक कार्रवाई की गई। मामला ईश्वर चन्द बंसल और महेन्द्र ठाकुर के बीच उत्पन्न हुआ। विवाद की शिकायत जिलाधिकारी को निस्तारण हेतु दी गई थी, जिसके बाद खटीमा प्रशासन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा।

उपजिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर मामले को संज्ञान में लिया। ईश्वर चन्द बंसल ने आरोप लगाया कि उनके द्वारा फर्जी स्टेट लेकर 54 बीघा जमीन के बजाय 57 बीघा जमीन की बिक्री कर दी गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन की निष्पक्ष जांच से सच्चाई सामने आ जाएगी। वहीं महेन्द्र ठाकुर ने जांच को निराधार बताया।

तहसीलदार विरेंद्र सिंह सजवान ने बताया कि नाप-जोख के दौरान विवाद मुख्य रूप से खसरा संख्या 174, 175 और 176 में पाया गया। खसरा संख्या 180 अलग पाया गया और उसकी चौहद्दी न मिलने के कारण मौके पर जांच रोक दी गई। उन्होंने कहा कि संबंधित पक्ष रजिस्ट्री की कॉपी लेकर आएं, फिर इसकी पुनः जांच की जाएगी।

प्रशासन ने बताया कि विवाद की निष्पक्ष और कानूनी प्रक्रिया के तहत जल्द समाधान किया जाएगा।