सांप के काटने से वन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती

सांप के काटने से वन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती

रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के कार्यालय में मंगलवार सुबह एक डरावनी घटना सामने आई, जब कार्यालय में मौजूद कर्मचारी सुखदेव पर अचानक सांप ने हमला बोल दिया। इस हमले में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, सुखदेव बैलपड़ाव रेंज में कार्यरत हैं और वह सुबह डीएफओ कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान झाड़ियों में सांप दिखाई दिया। वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने सांप को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सांप उनके हाथ से छूटकर सीधे सुखदेव के हाथ पर चिपक गया। इसके बाद सुखदेव के हाथ से खून बहने लगा।

घटना के तुरंत बाद कर्मचारियों ने घायल सुखदेव को रामनगर स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. दीपा पांडे ने बताया कि प्रारंभिक उपचार शुरू कर दिया गया है और उन्हें कुछ समय के लिए निगरानी में रखा गया है। यदि स्वास्थ्य में कोई गिरावट होती है तो उन्हें हायर सेंटर रेफर किया जाएगा, अन्यथा सामान्य होने पर छुट्टी दे दी जाएगी।

इस घटना के बाद डीएफओ कार्यालय में हड़कंप मच गया।