

स्थान : किच्छा (उधम सिंह नगर)


उत्तराखंड में ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान के तहत एसटीएफ की कुमायूँ यूनिट ने थाना पुलभट्टा पुलिस के सहयोग से दो नशा तस्करों चमन प्रकाश और महावीर को 7 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार की गई है।



एसटीएफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पकड़े गए आरोपी उत्तर प्रदेश के बरेली और बदायूँ जिले के निवासी हैं और लंबे समय से नशे के कारोबार में लिप्त हैं। चमन प्रकाश पर उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट और एनडीपीएस एक्ट के 7 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि महावीर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के 2 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपी हाल ही में जिला कारागार बरेली से जमानत पर रिहा हुए थे और मोटरसाइकिल से अफीम उत्तराखंड में सप्लाई कर रहे थे।


एसटीएफ टीम ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में अफीम सप्लाई करने की जानकारी दी और अन्य ड्रग्स पैडलरों के नाम भी सामने आए हैं। इस नेटवर्क के अन्य लोगों की पहचान कर उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।

एसटीएफ की टीम में शामिल प्रमुख सदस्य: निरीक्षक एम.पी. सिंह, उपनिरीक्षक के.जी. मठपाल, अ0उ0 निरीक्षक प्रकाश भगत, हेड कांस्टेबल गोविंद बिष्ट सहित अन्य 10 सदस्य।
थाना पुलभट्टा टीम: एसओ प्रदीप मिश्रा, उ0नि0 दिनेश चन्द्र भट्ट, अ0उ0नि0 प्रताप सुयाल सहित अन्य 5 सदस्य।

अभियुक्तों का विवरण:
- चमन प्रकाश, पुत्र पूरन लाल, उम्र 30 वर्ष, निवासी गेलाडांडा, थाना नवाबगंज, बरेली।
- महावीर, पुत्र रामचन्द्र, उम्र 18 वर्ष, निवासी सल्लन नगर, थाना बिनावर, बदायूँ।
एसटीएफ ने बताया कि मुख्य आरक्षी गोविंद सिंह की इस गिरफ्तारी में अहम भूमिका रही है और वे पहले भी बड़े नशा तस्करों को पकड़ने में सक्रिय रहे हैं।



