

आज से विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 का आगाज हो रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मेजबान भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। मैच बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में दोपहर 3:00 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 2:30 बजे होगा।



भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में दो बार (2005 और 2017) फाइनल तक पहुंची है, लेकिन खिताब नहीं जीत पाई। श्रीलंका अब तक एक भी फाइनल नहीं खेली। दोनों टीमों के बीच अब तक 35 वनडे मैच हुए हैं, जिसमें भारत ने 31 जीत दर्ज की है, जबकि श्रीलंका को केवल 3 जीत मिली।



भारतीय टीम की स्मृति मंधाना इस साल शानदार फॉर्म में हैं। 29 वर्षीय मंधाना ने 2025 में चार शतक और तीन अर्धशतक लगाए हैं, और उनका औसत 62 का रहा है। वहीं बॉलिंग में स्नेह राणा टीम की टॉप विकेट टेकर हैं। श्रीलंका की तरफ़ हर्षिता समरविक्रमा सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं और देवमी विहंगा ने सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं।



बरसापारा स्टेडियम की पिच बैटिंग-फ्रेंडली मानी जाती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, स्पिनरों को थोड़ी पकड़ मिल सकती है। डे-नाइट मैच में ओस की संभावना है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम अक्सर पहले गेंदबाजी करना पसंद करती है।



मौसम अपडेट: सुबह खुला मौसम रहेगा, दोपहर तक तापमान 34-36°C तक जाएगा। शाम को गरज-चमक और बारिश की संभावना है।
ओपनिंग सेरेमनी: भारत और श्रीलंका के मैच से पहले आयोजित ओपनिंग सेरेमनी में सिंगर जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि दी जाएगी। श्रेया घोषाल समेत अन्य कलाकार उनकी याद में प्रदर्शन करेंगे।


