हरिद्वार डीएम की अध्यक्षता में जन सुनवाई, 89 शिकायतें दर्ज

हरिद्वार डीएम की अध्यक्षता में जन सुनवाई, 89 शिकायतें दर्ज

स्थान : हरिद्वार/उत्तराखंड
संवाददाता : धर्मराज

हरिद्वार। जिला कार्यालय सभागार में डीएम मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जन सुनवाई आयोजित हुई। इस दौरान जमीन कब्जा मुक्त कराने, राशन कार्ड, सड़क मरम्मत, पेंशन, बिजली-पानी और बरसात के बाद नालियों की सफाई जैसी समस्याओं को लेकर लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। कुल 89 शिकायतें सामने आईं, जिनमें से कुछ का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।

मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे ने बताया कि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजा गया है और उनके निस्तारण की निगरानी की जाएगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जो अधिकारी जनता दरबार में अनुपस्थित पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान एक स्कूल से जुड़ी शिकायत भी सामने आई, जिसमें ड्रेस के नाम पर अवैध वसूली के आरोप लगे। डीएम ने इस पर शिक्षा विभाग को जांच के निर्देश जारी किए हैं।

जन सुनवाई में आए लोगों ने प्रशासनिक तत्परता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का समाधान समय पर होगा।