रानीखेत में अनियंत्रित कार खाई में गिरी, बुजुर्ग की मौत

रानीखेत में अनियंत्रित कार खाई में गिरी, बुजुर्ग की मौत

रिपोर्टर: संजय जोशी
स्थान: रानीखेत

महिला गंभीर रूप से घायल, चालक और अन्य युवक सुरक्षित

ताड़ीखेत-रामनगर स्टेट हाईवे पर शनिवार को एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में 87 वर्षीय बुजुर्ग कुशल सिंह रौतेला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। चालक और अन्य दो युवक सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, रतन सिंह बिष्ट अपनी कार से ताड़ीखेत की ओर जा रहे थे। उनके साथ गांव के बुजुर्ग कुशल सिंह रौतेला, करन राजोरिया और तौड़ा में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की प्रशिक्षक अनुराधा पत्नी कुलदीप सिंह बिष्ट भी कार में सवार थे।

हाइडिल कॉलोनी से एक मोड़ पहले ढलान पर चालक लाखन सिंह कार पर नियंत्रण खो बैठा। वाहन सड़क से लगभग 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरा।

चालक लाखन सिंह और करन किसी तरह सड़क पर पहुंचे और हादसे की जानकारी दी। 108 आपातकालीन सेवा की टीम ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ताड़ीखेत पहुंचाया।

वहां डॉक्टरों ने कुशल सिंह को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल अनुराधा को प्राथमिक उपचार के बाद गोविंद सिंह मेहरा राजकीय चिकित्सालय रानीखेत भेजा गया।

हादसा राज्य हाईवे पर ढलान और वाहन नियंत्रण खोने के कारण हुआ बताया जा रहा है।