क्वारब पुल पर खतरा, मंत्री ने किया निरीक्षण

क्वारब पुल पर खतरा, मंत्री ने किया निरीक्षण

स्थान- अल्मोरा
रिपोर्ट हरीश भण्डारी

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित क्वारब पुल में दरार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शासन-प्रशासन सतर्क हो गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर क्वारब डेंजर जोन का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री टम्टा ने बताया कि क्वारब पहाड़ी लगातार दरक रही है और पहाड़ से गिर रहे मलबे की वजह से पुल को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि एनएच की तकनीकी टीम हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और सुरक्षा के मद्देनज़र जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों और यात्रियों की सुविधा के लिए क्वारब से पहले 1.7 किलोमीटर लंबा बाईपास मार्ग तैयार किया जा रहा है। इस वैकल्पिक मार्ग पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य चल रहा है। मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्थानीय लोगों ने भी शासन-प्रशासन से क्वारब जोन में स्थायी समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में यह इलाका और अधिक संवेदनशील हो जाता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।