एमबीपीजी कॉलेज छात्र संघ चुनाव में हंगामा, ABVP और पुलिस में धक्का-मुक्की

एमबीपीजी कॉलेज छात्र संघ चुनाव में हंगामा, ABVP और पुलिस में धक्का-मुक्की

रिपोर्टर: पंकज सक्सेना

एसएसपी बोले—गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं, चुनाव शांतिपूर्ण होगा

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्र संघ चुनाव के अंतिम चरण में माहौल गरमाता दिखाई दिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और NSUI के कार्यकर्ता जोर-आजमाइश कर रहे हैं। इसी दौरान ABVP समर्थकों ने कॉलेज परिसर से जुलूस निकाला, जिसे रोकने की कोशिश में पुलिस और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई।

ABVP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस उन्हें जबरन रोक रही है, जबकि यह उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। मौके पर कार्यकर्ता सड़कों पर जाम लगाते भी नजर आए।

वहीं दर्जा मंत्री शंकर कोरंगा ने कहा कि “चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से कराया जा रहा है। ABVP कार्यकर्ताओं के साथ किसी प्रकार की बदसलूकी नहीं हुई है। चूंकि ABVP का उम्मीदवार जीत की ओर है, इसलिए NSUI कार्यकर्ता माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।”

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रचारक विनय गुप्ता ने भी दावा किया कि उनका उम्मीदवार मजबूत स्थिति में है और विरोधी गुट भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, “चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जाएगा। किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस पूरी तरह सतर्क है।”

चुनावी सरगर्मी और आरोप-प्रत्यारोप के बीच प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रखे हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।