हल्द्वानी: राजपुरा क्षेत्र में जुआ और अवैध शराब बिक्री पर नहीं लग पा रहा अंकुश

हल्द्वानी: राजपुरा क्षेत्र में जुआ और अवैध शराब बिक्री पर नहीं लग पा रहा अंकुश

रिपोर्टर : पंकज सक्सेना
फील्ड : हल्द्वानी

हल्द्वानी: शहर का राजपुरा क्षेत्र इन दिनों अवैध शराब बिक्री और जुए के अड्डों के कारण सुर्खियों में है। स्थानीय लोगों और सूत्रों के अनुसार, यहां सुबह-शाम खुलेआम जुआ खेला जाता है और रेलवे की पटरी पर जुए के अड्डे संचालित हो रहे हैं, जिनमें कई लोग अपनी जमा पूंजी गंवा रहे हैं।

इसके साथ ही क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री भी धड़ल्ले से हो रही है। बताया जा रहा है कि कई घरों में अवैध शराब बेची जा रही है। दिवाली जैसे त्यौहारों के दौरान इस कारोबार में और भी तेजी आ जाती है।

स्थानीय पार्षदों द्वारा कई बार प्रशासन को शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई का असर देखने को नहीं मिला है। इससे पहले भी एक प्रमुख अखबार में रेलवे ट्रैक पर खुलेआम जुआ खेलते लोगों की तस्वीरें प्रकाशित की गई थीं, लेकिन उसके बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।

लोगों का कहना है कि राजपुरा चौकी क्षेत्र में यह सब खुलेआम हो रहा है और पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई न होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर शिकायतों के बावजूद इस अवैध कारोबार पर अंकुश क्यों नहीं लगाया जा रहा।