एशिया कप सुपर-4: भारत आज श्रीलंका से भिड़ेगा, मुकाबला डेड रबर

एशिया कप सुपर-4: भारत आज श्रीलंका से भिड़ेगा, मुकाबला डेड रबर

एशिया कप सुपर-4 राउंड के आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया आज श्रीलंका का सामना करेगी। यह मुकाबला डेड रबर है, यानी इसके नतीजे से दोनों टीमों की सेहत या फाइनल की क्वालिफिकेशन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। भारत पहले ही लगातार दो जीत के साथ फाइनल में जगह बना चुका है, जबकि श्रीलंका लगातार दो हार के बाद रेस से बाहर हो गया है।

फाइनल मुकाबला रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ खेला जाएगा। भारत-श्रीलंका मैच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में रात 8 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7.30 बजे होगा।

टीम इंडिया का रिकॉर्ड:
भारत और श्रीलंका अब तक 32 मैच खेल चुके हैं। इसमें भारत ने 21 और श्रीलंका ने 9 मैच जीते हैं। 1 मैच टाई और 1 नो रिजल्ट रहा। टाई मैच के सुपर ओवर में भारत ने जीत हासिल की थी।

भारत ने पिछले मैच में बांग्लादेश को हराकर एशिया कप में सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। अब इस टूर्नामेंट में भारत के नाम कुल 48 जीत हैं, जबकि श्रीलंका के नाम 47 जीतें थीं।

बुमराह को आराम मिल सकता है:
फाइनल मुकाबले को देखते हुए भारत श्रीलंका के खिलाफ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम दे सकता है। उनकी जगह अर्शदीप सिंह को मौका मिल सकता है। प्लेइंग-11 में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
बैटिंग ऑर्डर में संजू सैमसन को नंबर-3 या नंबर-4 पर प्रमोट किया जा सकता है।

टॉस और रणनीति:
दुबई की पिच पर टारगेट चेज करना फायदेमंद माना जाता है। इसके बावजूद भारत टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुन सकता है, ताकि फाइनल से पहले इस परिस्थितियों में अभ्यास भी हो जाए।

संभावित प्लेइंग-11:

भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।

श्रीलंका: पथुम निशांका, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा, चरिथ असालंका (कप्तान), दासुन शनाका, कामिंदू मेंडिस, चमिका करुणारत्ने, वानिंदू हसरंगा, महीश तीक्ष्णा, दुशमंथा चमीरा, नुआन थुसारा।