ग्वालदम में सड़क हादसे में युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

ग्वालदम में सड़क हादसे में युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

23 अगस्त की शाम ग्वालदम-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर अभ्युदय स्टोन क्रेशर के पास सड़क दुर्घटना में दो बाइक सवार घायल हो गए। इनमें से एक युवक, 28 वर्षीय राहुल रावत, की गंभीर हालत को देखते हुए उसे श्रीनगर रेफर किया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत से गुस्साए चौण्डा गांव के ग्रामीणों ने बुधवार देर शाम मृतक राहुल के शव के साथ अभ्युदय स्टोन क्रेशर के सामने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने क्रेशर संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के पास खनन सामग्री लदे वाहन और बाइक सवारों की टकराहट के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।

स्थानीय थानाध्यक्ष थराली पंकज कुमार ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की और बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर थाना में नहीं आई है। जैसे ही तहरीर मिलेगी, उस पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के ऊपरी हिस्से में खनन सामग्री पड़ी होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। स्टोन क्रेशर से खनन सामग्री लदे वाहन जब बाहर निकलते हैं, तो ट्रैफिक कंट्रोल के लिए कोई कर्मचारी नहीं रखा जाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने जल्द कार्यवाही की मांग की है।