

एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर-4 मुकाबले में आज भारतीय टीम का सामना बांग्लादेश से होगा। भारत ने इस राउंड के पहले मैच में पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था। आज जीत हासिल करने पर भारत की फाइनल में जगह पक्की होने की उम्मीद है। बांग्लादेश ने सुपर-4 के अपने पहले मैच में श्रीलंका को हराया था।



टी-20 क्रिकेट में भारत की टीम बांग्लादेश पर हावी रही है। दोनों टीमों के बीच अब तक 17 मुकाबले हुए हैं, जिनमें भारत ने 16 में जीत दर्ज की है। बांग्लादेश को सिर्फ एक मैच में जीत मिली थी, जो 2019 में दिल्ली में हुआ था। दोनों टीमों की आखिरी भिड़ंत पिछले साल हैदराबाद में हुई थी, जिसमें भारत ने 133 रन से जीत हासिल की।



भारतीय टीम आज उसी प्लेइंग-11 के साथ उतर सकती है, जो पाकिस्तान के खिलाफ खेली थी। इसमें अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ओपनिंग करेंगे, संजू सैमसन मिडिल ऑर्डर में खेलेंगे। जसप्रीत बुमराह इकलौते स्पेशलिस्ट फास्ट बॉलर होंगे। हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे पेस बॉलिंग में उनका साथ देंगे। स्पिन विभाग में अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती शामिल हैं।


बांग्लादेश टीम में शोरिफुल इस्लाम की जगह तंजिम हसन को मौका मिल सकता है। कप्तान लिटन दास के फिट होने की उम्मीद है।


अगर हार्दिक पंड्या इस मैच में चार विकेट लेते हैं, तो वे टी-20 इंटरनेशनल में भारत के सबसे सफल गेंदबाज बन जाएंगे। वर्तमान में उनके नाम 97 विकेट हैं, जबकि नंबर-1 पर अर्शदीप सिंह के नाम 100 विकेट हैं।

संभावित प्लेइंग-11:
भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती
बांग्लादेश: सैफ हसन, तंजिद हसन, लिटन दास (कप्तान), तौहीद हृदॉय, शमीम हुसैन, ज़ाकिर अली, मेहदी हसन, नासुम अहमद, तस्किन अहमद, तंजिम हसन, मुस्तफिजुर रहमान


