काशीपुर में हिंसा के बाद शहर में कड़ा पहरा, प्रशासन अलर्ट

काशीपुर में हिंसा के बाद शहर में कड़ा पहरा, प्रशासन अलर्ट

लोकेशन : काशीपुर
रिपोर्टर : अजहर मलिक

काशीपुर में हालिया हिंसा के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। दिनभर की गहमागहमी के बाद रात का सन्नाटा भी स्थिति की गंभीरता बयां कर रहा है। शहर के अलीखां मोहल्ला, किला चौक और विजयनगर नई बस्ती में पुलिस ने कड़ा पहरा दिया है।

प्रशासन ने BNSS की धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत रात 7 बजे से सुबह 7 बजे तक पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक है, हथियारों पर प्रतिबंध लगाया गया है और लोगों की आवाजाही पूरी तरह से सीमित कर दी गई है।

पुलिस चौकन्नी है और जगह-जगह जवान तैनात हैं। गश्त लगातार जारी है। उपद्रवियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज और वायरल वीडियो खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा, हिंसा की आड़ में छिपे अन्य मामलों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बिजली चोरी, राशन कार्ड की गड़बड़ी समेत कई मामलों में दबिश दी जा रही है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर शहर में सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस अलर्ट मोड पर है। किला चौक और अलीखां इलाके में व्यापार भी प्रभावित हुआ है, लेकिन संदेश स्पष्ट है – हिंसा फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।