

स्थान – खटीमा ऊधम सिंह नगर

रिपोर्ट- अशोक सरकार


उधम सिंह नगर। खटीमा में क्षेत्रीय विधायक भुवन चंद्र कापडी और समस्त कांग्रेसियों ने छात्रों के साथ मिलकर सरकार का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन 21 सितंबर को हुई यूकेएसएसएससी भर्ती परीक्षा में पेपर लीक की घटना के विरोध में किया गया।



बेरोजगार युवाओं ने नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय का घेराव किया और भर्ती परीक्षा रद्द करने, आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सीबीआई जांच की मांग की। विधायक भुवन चंद्र कापडी ने कहा कि इस प्रकार के पेपर लीक से सरकार फेलियर घोषित होती है और नकल माफिया पर सरकार लगाम लगाने में नाकाम रही है।



इस अवसर पर दैनिक क्लासिक कोचिंग सेंटर के विशाल मौर्य ने जिले के सभी बेरोजगार युवाओं के साथ मुख्य चौक से तहसील तक विशाल आक्रोश रैली निकाली। युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


एसडीएम खटीमा तुषार सैनी ने बताया कि ज्ञापन राज्यपाल को प्रेषित कर दिया गया है। वहीं राजपाल सिंह ने मीडिया को बताया कि नकल में साज़िश करने वाला हाकिम सिंह पकड़ा जा चुका है और मुख्यमंत्री धामी द्वारा बनाए गए नक़ल विरोधी कानून के तहत ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


