

स्थान : हरिद्वार
संवाददाता – प्रवेश राय


हरिद्वार। UKSSSC परीक्षा घोटाले में फंसे मुख्य आरोपी खालिद की गिरफ्तारी के लिए हरिद्वार पुलिस ने लक्सर के सुल्तानपुर में बड़ी कार्रवाई की। पुलिस की चार टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं, जिसमें राजस्व विभाग, बिजली विभाग और नगर पंचायत की टीमें भी शामिल हैं।



जांच में खालिद के घर पर अवैध बिजली कनेक्शन का खुलासा हुआ, जिसके बाद आरोपी के पिता के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। टीम ने घर से जुड़े सभी दस्तावेज खंगाले और परिजनों से पूछताछ की।



हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि खालिद को पकड़ने के लिए चार टीमें बनाई गई हैं और उसके ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। छापेमारी के दौरान खालिद की बहन को हिरासत में लेकर देहरादून पुलिस के हवाले किया गया। एसएसपी ने कहा कि खालिद के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए जा रहे हैं और उसकी गिरफ्तारी सिर्फ समय की बात है।



खालिद के चचेरे भाई ने पुलिस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि परिवार जांच में सहयोग कर रहा है। उन्होंने कहा कि खालिद का नाम पेपर लीक मामले में पहली बार सामने आया है और वे चाहते हैं कि निष्पक्ष जांच हो ताकि असली साजिशकर्ता सामने आ सके।



