

रिपोर्टर : सुनील सोनकर

लोकेशन : मसूरी


मसूरी। 15 सितंबर की भीषण बारिश और भूस्खलन के बाद पर्यटन नगरी मसूरी अभी तक पूरी तरह नहीं संभल पाई है। जनजीवन प्रभावित होने के साथ ही स्थानीय होटल और व्यापारिक उद्योग गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। इस बीच, होटल एसोसिएशन और ट्रेडर्स यूनियन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से ठोस राहत पैकेज की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा है।



होटल एसोसिएशन ने सरकार की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए बताया कि आपदा के दौरान 3,000 से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया और संपर्क मार्ग बहाल किए गए। लेकिन पर्यटन उद्योग अब रद्द हुई बुकिंग, खाली होटल और घटते पर्यटक विश्वास से जूझ रहा है।



मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि ज्ञापन में होटल कर्मचारियों के वेतन हेतु आर्थिक सहायता, बिजली-पानी के फिक्स्ड चार्ज माफी, सॉफ्ट लोन, टैक्स राहत और वैकल्पिक सड़कों की त्वरित मरम्मत की मांग की गई है। साथ ही राष्ट्रीय और सोशल मीडिया पर मसूरी की सकारात्मक छवि पेश करने का आग्रह भी किया गया।

इसी तरह मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि उनके 20 सूत्रीय ज्ञापन में दुकानों को हुए नुकसान, बेरोजगार मजदूरों, बंद पड़ी टैक्सियों और धंसते बाजारों पर ध्यान दिलाया गया है। उन्होंने मकान-दुकान नष्ट होने वालों के लिए तीन माह भत्ता, टैक्स में छूट और आसान ऋण की भी मांग की।

एसडीएम मसूरी राहुल आनंद ने बताया कि मांगपत्र मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज दिया गया है और कुछ मांगों पर स्थानीय स्तर पर कार्रवाई भी शुरू की जा रही है।



