

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी


लालकुआँ। लालकुआँ कोतवाली क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी और प्रॉपर्टी डीलर महेश जोशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से आक्रोशित लोगों ने कोतवाली में शव रखकर धरना प्रदर्शन किया। भीड़ ने जमकर नारेबाजी करते हुए राजस्व उपनिरीक्षक की गिरफ्तारी की मांग की।



घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थानों से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। मृतक के द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट में लालकुआँ क्षेत्र की महिला पटवारी पूजा रानी पर उत्पीड़न का आरोप लगाया गया था और अपनी मौत का जिम्मेदार भी उन्हीं को बताया।



सैकड़ों ग्रामीणों का प्रदर्शन लगभग तीन घंटे तक जारी रहा। लालकुआँ विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने मृतक के परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।



इसके बाद पुलिस ने हल्द्वानी में पटवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इसी कार्रवाई के बाद आक्रोशित भीड़ शांत हुई और शव को कोतवाली से हटा लिया गया।



