
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

खेल मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के युवा केंद्र आमवाला में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित जूडो प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका परिचय जाना और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम के दौरान खेल मंत्री ने खिलाड़ियों से राज्य सरकार की ओर से संचालित खेल योजनाओं और उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।



रेखा आर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में अब तक 3 लाख 17 हजार 988 खिलाड़ी अपना पंजीकरण करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह संख्या बीते 10 वर्षों में सर्वाधिक है और प्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाती है।

खेल मंत्री ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में पंजीकरण कराने वाले खिलाड़ियों की संख्या और अधिक बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बच्चों और युवाओं का प्रतियोगिताओं से जुड़ना प्रदेश के खेल भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है।


रेखा आर्या ने कहा कि अब बच्चे अपनी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी महत्व दे रहे हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए राज्य सरकार ने आउट ऑफ टर्न नौकरी का प्रस्ताव कैबिनेट में पारित किया है। इससे उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर मिल सकेगा।


इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों में चार प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था भी की गई है। खेल मंत्री ने कहा कि सरकार की यह पहल खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ-साथ रोजगार की दिशा में भी मजबूत आधार प्रदान कर रही है।
रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिल रहा है।

