

रिपोर्टर : अज़ीम खान
लोकेशन : काशीपुर


काशीपुर। 21 सितंबर की रात शहर में निकले एक बिना अनुमति जुलूस ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला किया, सरकारी गाड़ियों में तोड़फोड़ की और प्रशासन की नींद उड़ा दी।



जानकारी के अनुसार, जुलूस अलीखान चौक से वाल्मीकि बस्ती होते हुए शहर की ओर बढ़ा। अचानक भीड़ बेकाबू हो गई और पुलिस पर पथराव किया। भीड़ में लाठी-डंडों से लैस लोग भी शामिल थे। अफरातफरी मच गई और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचा।


पुलिस जांच में सामने आया कि इस जुलूस का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के नेता नदीम अख्तर कर रहे थे। प्रशासन ने बताया कि बिना अनुमति जुलूस निकालना पहले ही गैरकानूनी था, और हिंसा फैलाने की कोशिश में कई स्थानीय लोग भी शामिल थे।


एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर कार्रवाई तेज़ हुई। अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई अन्य की पहचान की जा रही है। नदीम अख्तर को भी जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने साफ कहा कि काशीपुर में शांति भंग करने की किसी को इजाज़त नहीं दी जाएगी।

शहर में हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।


