अंकिता भंडारी हत्याकांड में VIP का नाम न उजागर होने पर भड़की यूकेडी, त्रिवेणी घाट पर सांकेतिक जाम लगाकर किया प्रदर्शन

अंकिता भंडारी हत्याकांड में VIP का नाम न उजागर होने पर भड़की यूकेडी, त्रिवेणी घाट पर सांकेतिक जाम लगाकर किया प्रदर्शन

लोकेशन – ऋषिकेश

संवाददाता – सागर रस्तोगी

देशभर में चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब तक वीआईपी के नाम का खुलासा न होने पर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) का गुस्सा एक बार फिर उभर कर सामने आया है। अंकिता की तीसरी पुण्यतिथि पर यूकेडी कार्यकर्ताओं ने त्रिवेणी घाट क्षेत्र में सांकेतिक जाम लगाकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी की।

इस दौरान यूकेडी के कार्यकर्ता त्रिवेणी घाट पुलिस चौकी पहुंचे, जहां सक्षम अधिकारी की अनुपस्थिति से नाराज़ कार्यकर्ताओं ने मुख्य मार्ग को आधा घंटे तक जाम कर दिया। जाम के चलते श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और कुछ जगहों पर कार्यकर्ताओं के साथ नोंकझोंक की स्थिति भी बनी।

“तीन साल बीत गए, अब भी वीआईपी का नाम नहीं”

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अंकिता को न्याय दिलाने की प्रक्रिया अधूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि,

“सरकार जानबूझकर हत्याकांड में शामिल वीआईपी को बचा रही है। तीन साल बीतने के बाद भी उसका नाम उजागर नहीं किया गया, जो न्याय प्रक्रिया पर प्रश्नचिन्ह है।”

चौकी प्रभारी विनेश कुमार मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को एसडीएम से फोन पर बातचीत कराई। इसके बाद जाम हटाया गया और कार्यकर्ताओं ने डीएम के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें मांग की गई कि मामले में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए और वीआईपी का नाम सार्वजनिक किया जाए।

चार दोषियों को सजा, पर न्याय अधूरा!

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस केस के चारों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा मिल चुकी है, लेकिन जब तक मुख्य साजिशकर्ता, यानी कथित वीआईपी का नाम सामने नहीं आता, तब तक यह न्याय अधूरा है।

आंदोलन की चेतावनी

यूकेडी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द इस मामले में कार्रवाई नहीं करती, तो वे प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ेंगे।