

रिपोर्टर : हरीश भण्डारी
स्थान : अल्मोड़ा


देशभर में शारदीय नवरात्रि की धूमधाम के बीच सांस्कृतिक और धार्मिक नगरी अल्मोड़ा में भी शारदीय नवरात्रों की भव्य शुरुआत हो चुकी है। नगर भर में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का वातावरण देखने को मिल रहा है।


नवरात्रि के पहले ही दिन से मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। श्रद्धालु माता रानी के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना, जागरण, और आरती में भाग ले रहे हैं।


अल्मोड़ा के प्रसिद्ध मंदिरों—नंदा देवी, स्याही देवी, कसारादेवी, बानणी देवी, और उल्कादेवी—में सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने माता के चरणों में शीश नवाकर सुख, शांति और निरोगी काया की कामना की।




मंदिरों को रंग-बिरंगी फूलों की मालाओं, दीयों और झिलमिल रोशनी से सजाया गया है। जगह-जगह भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है।

स्थानीय प्रशासन द्वारा भी मंदिर परिसरों में व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो।

इस पावन अवसर पर श्रद्धालु व्रत, उपासना, और सत्संग के माध्यम से माता दुर्गा की आराधना में लीन हैं।



