देवीपुरा चकलुवा में राज्य स्तरीय सीनियर खो-खो डे-नाइट प्रतियोगिता का भव्य आगाज़

देवीपुरा चकलुवा में राज्य स्तरीय सीनियर खो-खो डे-नाइट प्रतियोगिता का भव्य आगाज़

स्थान – कालाढूंगी
रिपोर्टर – भगवान मेहरा

राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देवीपुरा चकलुवा में रविवार को राज्य स्तरीय सीनियर खो-खो डे-नाइट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड के 10 जिलों की टीमों ने भाग लिया है। आयोजन की शुरुआत कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर की।

विधायक भगत ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को समान मंच देना आवश्यक है, और ऐसे आयोजन इसके लिए बेहद उपयोगी हैं।

दिन के मैचों की शुरुआत जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार नहीं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास का भी प्रतीक हैं।

इस प्रतियोगिता को लेकर उत्तरांचल क्षेत्र खो-खो एसोसिएशन और भगवती शाह खो-खो क्लब, देवीपुरा चकलुवा के संयुक्त नेतृत्व में आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति से मनमोहन बसेड़ा ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को राष्ट्रीय स्तर की खो-खो प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए उचित व्यवस्थाएं की गई हैं, और स्थानीय लोगों में भी खेल को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।