

स्थान : हरिद्वार/उत्तराखंड
संवाददाता : मनोज कश्यप


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लालकिले से स्वतंत्रता दिवस के मौके पर किए गए ऐलान को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने देवभूमि की जनता की ओर से पीएम मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी के 5 और 18 प्रतिशत के दो स्लैब को लेकर जो कदम उठाया गया है, उसका लाभ समाज के हर वर्ग को मिलेगा।


सीएम धामी ने कहा, “उच्च वर्ग से लेकर मध्यम वर्ग तक सभी को इस फैसले का सीधा फायदा पहुंचेगा। इससे आम आदमी को राहत मिलेगी और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।”


स्वदेशी को मिलेगा बढ़ावा, धामी खुद उतरेंगे मैदान में
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए स्वदेशी अपनाने के आह्वान को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री धामी ने घोषणा की है कि वे 22 से 29 सितंबर तक राज्य के विभिन्न बाजारों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे खुद लोगों से मिलकर उन्हें स्वदेशी वस्तुएं अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।



दो लाख करोड़ की जीएसटी वृद्धि का दावा
सीएम धामी ने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री के इस निर्णय से देशभर में दो लाख करोड़ रुपये की जीएसटी में बढ़ोतरी होगी, जिसका सीधा लाभ राज्यों को मिलेगा। “उत्तराखंड भी इस आर्थिक वृद्धि का लाभ उठाएगा और राज्य की राजस्व व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी,” उन्होंने कहा।

जनता को सीधा लाभ, व्यापार को नई दिशा
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस फैसले से व्यापार जगत को भी नई दिशा मिलेगी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा। इससे ‘आत्मनिर्भर भारत’ की संकल्पना और मजबूत होगी।



