

लोकेशन : काशीपुर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत शनिवार को काशीपुर नगर निगम सभागार में प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।



कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और नगर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। मंच पर कैबिनेट मंत्री के साथ काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, जिला प्रभारी पुष्कर काला तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।


मोदी सरकार की योजनाओं पर डाला गया प्रकाश
सम्मेलन में वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं और देश की विकास यात्रा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि कैसे विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।



सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प
इस अवसर पर सभी उपस्थितजनों ने सेवा पखवाड़े को सफल बनाने और समाज सेवा के कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच और कार्यशैली से प्रेरणा लेकर हर नागरिक को समाज हित में योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के शिक्षाविदों, व्यापारियों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं और अन्य प्रबुद्ध नागरिकों की सहभागिता उल्लेखनीय रही।


