पाबौ के खुड्डेश्वर मैदान में ब्लॉक स्तरीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ

पाबौ के खुड्डेश्वर मैदान में ब्लॉक स्तरीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ

रिपोर्ट भगवान सिंह

स्थान:पौड़ी गढ़वाल

पौड़ी जिले के पाबौ ब्लॉक के खुड्डेश्वर मैदान में ब्लॉक स्तरीय शरदकालीन प्रारंभिक शिक्षा क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले सात संकुलों के 210 छात्र-छात्राएँ विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विनोद रावत, जिला पंचायत सदस्य कालूण भरत सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य कालौं कर्मवीर भंडारी, मनवर सिंह, विशिष्ट अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य संदीप रावत, विवेक नेगी, मनोज रावत, ग्राम प्रधान कोटा आशा चौहान, ग्राम प्रधान पाबौ अनामिका कोठियाल की उपस्थिति में हुआ।

खंड शिक्षा अधिकारी पाबौ अमित चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले दिन कबड्डी, खो-खो और दौड़ जैसी प्रतिस्पर्धाओं में छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक संकुल से औसतन 30 छात्र इन खेलों में भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास किया जा रहा है।

खिलाड़ियों में दिखा जोश, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ न केवल शारीरिक विकास, बल्कि छात्रों के मानसिक एवं सामूहिक विकास के लिए भी आवश्यक हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए इस तरह के आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता बताई गई।

विजेताओं को मिलेगा जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अवसर

प्रतियोगिता के सफल खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। इससे छात्रों को आगे बढ़ने का और बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।

हर वर्ष ₹1 लाख देने की घोषणा

मुख्य अतिथि विनोद रावत ने घोषणा की कि ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता को प्रोत्साहन देने के लिए वे हर वर्ष ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) की आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और नैतिक मूल्यों का विकास होता है, जिसे बढ़ावा दिया जाना चाहिए।