कोयल घाटी से त्रिवेणी घाट चौराहे तक गड्ढों में तब्दील सड़कें, चौकी प्रभारी खुद बना मिसाल

कोयल घाटी से त्रिवेणी घाट चौराहे तक गड्ढों में तब्दील सड़कें, चौकी प्रभारी खुद बना मिसाल

स्थान:ऋषिकेश

कोयल घाटी से लेकर त्रिवेणी घाट चौराहे तक की सड़कें इन दिनों गड्ढों का जाल बन चुकी हैं। हालत ऐसी है कि राहगीरों को हर कदम जान जोखिम में डालकर चलना पड़ रहा है। जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे न केवल दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं, बल्कि लगातार जाम का भी कारण बन रहे हैं।

इस बीच, एक प्रशंसनीय पहल ने लोगों का ध्यान खींचा है। त्रिवेणी घाट चौराहे पर तैनात चौकी प्रभारी विनेश कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे खुद हाथ में फावड़ा लेकर सड़क के गड्ढे भरते नजर आ रहे हैं।

लोगों ने चौकी प्रभारी के इस कार्य की खुले दिल से सराहना की है और इसे प्रशासन के लिए एक आईना बताया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब एक पुलिसकर्मी अपने कर्तव्य से आगे बढ़कर जनता की सुविधा के लिए कदम उठा सकता है, तो फिर सड़क निर्माण और रखरखाव के जिम्मेदार अधिकारी आखिर कब जागेंगे?

गड्ढों के कारण स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। कई बार लोग फिसल कर घायल भी हो चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू किया जाए, ताकि त्रिवेणी घाट जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थल तक आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी सुरक्षित यात्रा मिल सके।